बिना नंबर प्लेट वाहनों पर पंचकूला पुलिस का बड़ा एक्शन: एक हफ्ते के विशेष अभियान में 4,932 वाहनों की जांच, 1,299 चालान, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने खुद संभाली कमान

पंचकूला/ 26 मई:- पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ पंचकूला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 18 मई 2026 से 24 मई 2026 तक पंचकूला ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करना था, जो बिना वैध नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे थे। ऐसे वाहनों के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की आशंका बनी रहती है, क्योंकि कई बार अपराधी अपनी पहचान छुपाने और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल करते हैं।

एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह के अनुसार अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों, बाजार क्षेत्रों, हाईवे और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स पर विशेष नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों द्वारा कुल 4,932 वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 931 मैनुअल चालान किए गए, जबकि 86 वाहनों को नियमों के उल्लंघन पर इम्पाउंड किया गया। इस प्रकार मैनुअल कार्रवाई की कुल संख्या 1,017 रही। इसके अतिरिक्त 282 ऑनलाइन चालान भी किए गए। पूरे अभियान के दौरान कुल 1,299 चालान किए गए।

इस विशेष अभियान की सबसे अहम बात यह रही कि डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे। उन्होंने विभिन्न चेकिंग प्वाइंट्स और नाकों का निरीक्षण किया तथा पुलिस टीमों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। देर रात भी डीसीपी क्राइम खुद नाकों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी, सतर्कता और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करने की हिदायत देते नजर आए। उनके नेतृत्व में पुलिस टीमों ने पूरी गंभीरता और व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि ऐसे वाहन अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकते हैं। अपराधी अक्सर अपनी पहचान छुपाने के लिए ऐसे वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार और सख्त कार्रवाई जरूरी है। पंचकूला पुलिस सड़क सुरक्षा, कानून व्यवस्था और अपराध रोकथाम के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों पर वैध और स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    आयुष, खेल एवं शिक्षा विभाग द्वारा ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग आसन प्रतियोगिता का आयोजन

    पंचकूला, 9 जून : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री सुश्री आरती सिंह राव एवं महानिदेशक आयुष विभाग श्री संजीव वर्मा के निर्देशानुसार 21 जून…

    मुख्यमंत्री ने पंचकूला में राज्य स्तरीय सशक्त पंचायत समारोह में विभिन्न योजनाओं के तहत 2,697 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की

    पंचकूला , 9 जून- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया है कि जो परिवार गांव की शामलात भूमि पर पिछले…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *