शिमला। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने शुक्रवार को राज्य सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों और सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों के विरुद्ध शिमला के पुलिस अधीक्षक को एक औपचारिक लिखित शिकायत सौंपी है। पुलिस कार्यालय में डायरी संख्या 28577 के तहत दर्ज की गई इस शिकायत में मांग की गई है कि 18 नवंबर 2026 को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान दिए गए मंत्री के बयानों की गहन जांच की जाए और यदि विधानसभा के विशेषाधिकार से बाहर किसी संज्ञेय अपराध के प्रमाण मिलते हैं, तो उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 197, धारा 353 और धारा 152 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की जाए। कर्ण नंदा ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर संवैधानिक पदों पर बैठे जिम्मेदार व्यक्तियों को विशेष सावधानी और मर्यादा का पालन करना चाहिए।भाजपा नेता ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि वह विधानसभा की संबंधित कार्यवाही की प्रमाणित प्रति और संपूर्ण वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त कर उसे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखे तथा इस बात की भी जांच करे कि क्या मंत्री ने सदन के बाहर किसी पत्रकार वार्ता, सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया माध्यम पर भी ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 194 के तहत विधानसभा के भीतर दिए गए भाषणों को प्राप्त संरक्षण का वे पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन यदि सदन के बाहर कोई स्वतंत्र दंडनीय कृत्य सामने आता है तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कर्ण नंदा ने पुलिस अधिकारियों से इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई है।








