शिमला। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी एवं प्रथम महिला बिंदु गुप्ता के साथ उत्तर प्रदेश के पावन धाम वृंदावन स्थित प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान राज्यपाल ने मंदिर के गर्भगृह में शीश नवाकर समूचे देश व प्रदेश में स्थायी शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की। मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ राज्यपाल दंपत्ति को प्रसाद और पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।दर्शन के उपरांत अपने विचार व्यक्त करते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि वृंदावन भारत की अत्यंत समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का पवित्र केंद्र है। उन्होंने कहा कि इस पावन धाम का दिव्य और शांत आध्यात्मिक वातावरण हर श्रद्धालु का भारत की सनातन आध्यात्मिक परंपराओं के साथ एक गहरा भावनात्मक रिश्ता स्थापित करता है। राज्यपाल ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए देश में सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और निरंतर प्रगति की कामना दोहराई ताकि राष्ट्र विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।








