पंचकूला (दिव्या राणा) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्टर-20 स्थित सनसिटी सोसायटी में अरविनकेयर फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने किया।इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।अरविनकेयर फाउंडेशन के संस्थापक अतुल गर्ग ने मंत्री श्रुति चौधरी और तरुण भंडारी का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि अपने भाई की स्मृति में वह हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करते हैं, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। मंत्री श्रुति चौधरी ने अरविनकेयर फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और जरूरत के समय रक्तदान किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। रक्त संग्रह के लिए सरकारी अस्पताल सेक्टर-16, चंडीगढ़ से विशेष टीम पहुंची। स्माइल फॉरएवर के अजय गुप्ता ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग दिया। अतुल गर्ग ने रक्तदान करने पहुंचे सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। शिविर में 150 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। तरुण भंडारी ने कहा कि अतुल गर्ग हमेशा से ही समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी रहते हैं। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य का आयोजन कर वह जरूरतमंद लोगों की मदद करने का सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर पार्षद प्रियंका कुंडलस, दीपक गर्ग, राकेश गोयल, पंकज कपूर, नेहा महाजन, दिनेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







