पंचकूला, (दिव्या राणा): करीब 13 साल के लंबे अंतराल के बाद लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई अग्रवाल सभा पंचकूला की नई कार्यकारिणी ने मंगलवार को संगठन की कमान संभाल ली। नवनिर्वाचित प्रधान जगमोहन गर्ग के नेतृत्व में अग्रवाल भवन में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल विशेष रूप से पहुंचे। समारोह में 2000 से अधिक लोगों की मौजूदगी रही। राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के बीच नई कार्यकारिणी ने समाजसेवा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण पहली बार गंगा आरती की तर्ज पर आयोजित महाराजा अग्रसेन की भव्य आरती रही।समाज ने भरोसा जताया, अब उसे निभाने की जिम्मेदारी : जगमोहन गर्ग नवनिर्वाचित प्रधान जगमोहन गर्ग ने कहा कि करीब 13 साल बाद अग्रवाल सभा में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव होना समाज के लिए बड़ी उपलब्धि है। सदस्यों ने मतदान के माध्यम से नई टीम को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह में सहयोग जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।समाज की एकता ही सबसे बड़ी ताकत : विपुल गोयल कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि समाज की एकता और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समानता, सहयोग और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम समाजसेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करेगी।गंगा आरती की तर्ज पर हुई महाराजा अग्रसेन की आरती महासचिव मुकेश बंसल ने बताया कि समारोह में पहली बार गंगा आरती की तर्ज पर महाराजा अग्रसेन की भव्य आरती आयोजित की गई। पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता : राकेश गोयल प्रेस सचिव राकेश गोयल ने कहा कि नई टीम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक सदस्य को साथ लेकर चलना है। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता तथा शिक्षा और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे अग्रवाल समाज की एकजुटता की जीत है।पूरी कार्यकारिणी ने ली समाजहित में काम करने की शपथ समारोह में प्रधान जगमोहन गर्ग, महासचिव मुकेश बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष सिंगला, उपाध्यक्ष नवराज जिंदल, वित्त सचिव सतीश कुमार अग्रवाल, सचिव डॉ. राजेश बिंदल, प्रेस सचिव राकेश गोयल और लेखा परीक्षक विकास भौजिया सहित पूरी कार्यकारिणी ने जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर दिनेश कुमार मित्तल, अतुल गर्ग, अमित गोयल, मुकेश गोयल, प्रदीप बंसल, बजरंग लाल शुक्ल, महेंद्र पाल बंसल, प्रवीण गर्ग, संदीप गर्ग और श्रवण कुमार सिंगला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने बढ़ाई समारोह की गरिमा कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय विशिष्ट उपाध्यक्ष एवं पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल, मेयर श्याम लाल बंसल और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल भी मौजूद रहे। वहीं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन चंडीगढ़ के प्रतिनिधियों, भंभौरी परिवार पंचकूला और सुरेश गोयल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की।कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद दीपक गर्ग, अनुराधा पुरी, राकेश गोयल, जय कौशिक और परमजीत कौर तथा पूर्व पार्षद सुनीत सिंगला तथा चंडीगढ़ से पूर्व मेयर, पार्षदाे व पूर्व पार्षदाे ने भी समारोह में भाग लिया। महिला शक्ति की ओर से मनु गर्ग, अनिता बंसल, आशा गोयल, सुदेश गुप्ता और भावना गुप्ता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। मंच संचालन सुभाष सिंगला और सिज्जन जिंदल ने किया। समारोह के बाद अतिथियों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई। जगमोहन गर्ग और उनकी टीम ने सभी अतिथियों का आभार जताया।








