(ललित):
पंचकूला (ललित): के रामगढ़ निवासी 21 वर्षीय रूबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतका के परिजनों ने उसके साथ रह रहे युवक पर हत्या का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।परिजनों के अनुसार, रूबी करीब एक वर्ष पहले घर से चली गई थी और एक युवक के साथ रह रही थी। मृतका की बहन का आरोप है कि उन्हें युवक का फोन आया, जिसमें बताया गया कि रूबी की तबीयत खराब है और उसका इलाज सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में चल रहा है।परिजनों का कहना है कि जब वे सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचे तो उन्हें रूबी से मिलने नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि उनकी बहन की हत्या की गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि युवक तीन दिनों तक रूबी को अस्पताल में छोड़कर फरार रहा।इस मामले में पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी और कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अब यह जांच का विषय है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







