पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह), अयोध्या। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ‘राणा’ का अयोध्या में प्रथम आगमन शनिवार को कार्यकर्ताओं के जोश, आत्मीय स्वागत और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा के बीच हुआ। बाराबंकी से अयोध्या तक करीब 40 पड़ावों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। हर पड़ाव पर उमड़े उत्साह ने नए जिलाध्यक्ष के प्रति कार्यकर्ताओं के भरोसे और संगठन से जुड़ी उम्मीदों को सामने रखा। प्रथम आगमन के दौरान जय सिंह राणा का काफिला बाराबंकी स्थित श्रद्धेय बेनी प्रसाद वर्मा की समाधि स्थल पहुंचा। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और सामाजिक योगदान को नमन किया। इसके बाद भिटरिया, रानीमऊ, मवई, रोजागांव, दलसराय, सब्जी मंडी रुदौली, नरेश होटल, भेलसर, टांटी बाबा मुजफ्फरा, लोहिया पुल, बरई कला स्थित अमन ढाबा और संजय ढाबा सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत हुआ। यात्रा के अगले चरण में बसहा, कांटा चौराहा, मुबारकगंज, अलीगंज, अरकुना, टोल प्लाजा, धननीपुर, सोहावल टंकी, मंगलसी, चिरई मोहम्मदपुर, फतेहपुर सरैया, पूरा काशीनाथ और कोटसराय में भी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। अयोध्या नगर में प्रवेश के बाद मुमताजनगर, हाजीपुर सिसेंडी, दराबगंज, पॉलीटेक्निक बनवीरपुर, गीता इंटर कॉलेज, सहादतगंज, कचहरी, प्रेस क्लब, रोडवेज, रिकाबगंज सिविल लाइन और नियावां में स्वागत का सिलसिला जारी रहा। सहादतगंज में जय सिंह राणा ने महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय लोहिया भवन, गुलाबबाड़ी पहुंचकर डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाद में उन्होंने किसान इंटर कॉलेज, कल्याणपुर स्थित श्रद्धेय बाबू मित्रसेन यादव की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं के सम्मान को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए जय सिंह राणा ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का संगठन वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत होगा। सभी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हुए उनके मार्गदर्शन में संगठन को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और समन्वय स्थापित करना तथा जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और संगठन में उसकी भूमिका को मजबूती देने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। जय सिंह राणा ने कहा, “गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा। संगठन को मजबूत बनाने में किसी भी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी।” उन्होंने प्रथम आगमन पर रास्ते भर मिले स्नेह, सम्मान और स्वागत के लिए पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार जताया। उनका यह प्रथम आगमन केवल संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने का अवसर नहीं रहा, बल्कि महापुरुषों को नमन और उनके संघर्षों को स्मरण करते हुए संगठनात्मक सफर की शुरुआत का संदेश भी देता नजर आया। श्रद्धेय बेनी प्रसाद वर्मा, महाराजा बिजली पासी, डॉ. राम मनोहर लोहिया और बाबू मित्रसेन यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर जय सिंह राणा ने उनके विचारों और सामाजिक योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय के अनुसार स्वागत कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’, पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ रुश्दी मियां, फिरोज खान गब्बर, मोहम्मद राशिद खान, लौटन राम निषाद, निवर्तमान महासचिव बख्तियार खान, मोहम्मद अली, राघवेंद्र प्रताप सिंह ‘अनूप’, चौधरी शहरयार, रामसागर वर्मा, सियाराम निषाद, रोली यादव, अनुराग सिंह, विद्याभूषण पासी, शावेज जाफरी, बलराम यादव, धर्मवीर वर्मा, एजाज अहमद, सूर्यकांत पांडेय, आकिब खान, राम अचल यादव, रितेश यादव, छोटे लाल यादव, राशिद जमील, श्रीचंद यादव, अंसार अहमद, सतीश यादव, रक्षाराम यादव, ओपी पासवान, देशराज यादव, छेदी सिंह, पूजा वर्मा, वसी हैदर ‘गुड्डू’, अवधेश यादव और फरीद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।







