पंजाब में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 92 ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे: तरुनप्रीत सिंह सोंद

साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 26 अगस्त(तानिया रोहिल्ला)। पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सोंद ने आज कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत राज्य भर में 92 विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।जिला प्रशासनिक परिसर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में साहिबजादा अजीत सिंह नगर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री स. सोंद ने आगामी ड्रोन शो तथा अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर मोहाली के विधायक स. कुलवंत सिंह, पंजाब टूरिज्म एंड हेरिटेज प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली तथा डेरा कठार (डेरा बल्लां से संबंधित) के संत बाबा प्रदीप दास जी भी उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने बैठक में ऑनलाइन भाग लिया।स. सोंद ने कहा कि संत-महापुरुषों के मार्गदर्शन एवं सुझावों के अनुसार पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके तहत कीर्तन दरबार, विश्वविद्यालयों में सेमिनार, स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं तथा श्री गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी एवं शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग करवाई जा रही है।उन्होंने बताया कि विशेष रूप से तैयार किए गए ड्रोन शो सितंबर माह से शुरू किए जाएंगे। प्रत्येक शो में 500 से अधिक ड्रोन एक साथ आकाश में प्रस्तुति देंगे। डिजिटल तकनीक के माध्यम से रात्रि के समय आकाश में श्री गुरु रविदास जी की बाणी, जीवन एवं शिक्षाओं को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के महान संदेश से जोड़ा जा सके।स. सोंद ने कहा कि प्रत्येक ड्रोन शो लगभग 25 से 30 मिनट का होगा। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि ड्रोन शो के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जाए तथा आम जनता को शो की तिथि, समय और स्थान के बारे में पहले से जानकारी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार के लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि उसे महान गुरु साहिबान एवं संत-महापुरुषों से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसरों को समर्पित कार्यक्रम आयोजित करने की सेवा प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और अब श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शोभा यात्राओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स. सोंद ने बताया कि काशी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री गुरु रविदास जी से संबंधित पवित्र स्थल खुरालगढ़ साहिब पहुंचकर संपन्न होंगी। उन्होंने बताया कि ये शोभा यात्राएं नवंबर माह में निकाली जाएंगी और काशी से शुरू होने वाली शोभा यात्रा मोहाली में रात्रि पड़ाव के दौरान ठहरेगी।उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी एवं शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म अब तक राज्य के लगभग 3,500 गांवों में प्रदर्शित की जा चुकी है, जबकि पंजाब में कुल लगभग 13,500 गांव हैं। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म को राज्य के अन्य गांवों तक पहुंचाने के लिए 50 वैन का काफिला लगातार कार्य कर रहा है। स. सोंद ने कहा कि साल भर चलने वाले इन कार्यक्रमों के समापन अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा दिसंबर माह में खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    वर्ष 2025 में 64 और जनवरी–जुलाई 2026 के दौरान 73 बाल विवाह समय रहते हस्तक्षेप करके रोके गए

    चंडीगढ़, (तानिया रोहिल्ला):पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बाल विवाह जैसी…

    ढकौली में पहली बार डांडिया उत्सव का आयोजन

    जीरकपुर(तानिया रोहिल्ला)। जीरकपुर से सटे ढकौली में प्राइड एंड पावर वूमैन क्लब की तरफ से पहली बार डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें ढकौली के विभिन्न सोसासयटियों की महिलाओं…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *