पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:पठानटोलिया स्थित एसवी सेंट्रल सरस्वती मॉडर्न कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में पर्यावरण, शिक्षा, सुरक्षा और मानव सेवा का संदेश एक साथ गूंजा। उपनिरीक्षक रणजीत यादव ‘खाकी वाले गुरु जी’ ने बच्चों के साथ विद्यालय परिसर में कचनार और पाकड़ के पौधे रोपित कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। पौधारोपण के बाद उन्होंने बच्चों को डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य सुनीता वर्मा ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें प्रकृति, समाज और मानवता के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि खाकी वाले गुरु जी का बच्चों के बीच आकर उन्हें सुरक्षा और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाना सराहनीय पहल है। ऐसे प्रयास बच्चों के मन में सेवा और संस्कार के बीज मजबूत करते हैं।प्रबंधक ज्ञानीराम वर्मा ने कहा कि पौधा रोपना केवल एक पौधे को जमीन में लगाना नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जीवन और हरियाली सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि रणजीत यादव जिस तरह पुलिस सेवा के साथ बच्चों में जागरूकता और संस्कार का भाव पैदा कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। शिक्षा के साथ सेवा और संवेदना की सीख ही बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाती है।कार्यक्रम में 27 बार रक्तदान कर चुके विनय सिंह कुशवाहा ने बच्चों को रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। इस अवसर पर शिक्षक अजय यादव, सरस्वती वर्मा और सरिता वर्मा सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।कचनार और पाकड़ के पौधों से शुरू हुआ यह कार्यक्रम बच्चों के बीच सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्तदान की जागरूकता तक पहुंचा। वर्दी में खड़े ‘खाकी वाले गुरु जी’ और बच्चों के बीच यह संवाद सेवा को केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदना और जिम्मेदारी का भाव बनाने वाला संदेश दे गया।








