मंडी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि विपक्ष के नेताओं को सरकार से सवाल पूछने और आरोप लगाने के साथ साथ उसका जवाब सुनने का धैर्य भी रखना चाहिए। शुक्रवार को मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वाकथॉन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को विधानसभा में वाकआउट करने के बजाय सदन की चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए क्योंकि विधानसभा का शीतकालीन सत्र विपक्ष के लिए सवाल पूछने और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा का प्रमुख मंच है और केवल आरोप लगाने या वाकआउट करने से जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा इसलिए विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपनी बात रखनी चाहिए और सरकार का पक्ष भी सुनना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी में भारी गुटबाजी होने का बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश भाजपा में वर्तमान में 5 गुट बन चुके हैं और इन सभी गुटों के बीच सामंजस्य बैठाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि कुछ बड़े भाजपा नेता जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने के लिए लगातार केंद्रीय नेतृत्व से मिलने दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने पूरे विपक्ष से अपील की है कि वे आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान सदन की गरिमा को बनाए रखें और केवल राजनीतिक बयानबाजी करने के स्थान पर चर्चा के माध्यम से अपनी बात सरकार के समक्ष रखें।








