नाहन्। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री पद को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार के भीतर चल रही राजनीतिक असहमति अब सार्वजनिक रूप से सामने आने लगी है। उन्होंने दैनिक जागरण में प्रकाशित समाचार का उल्लेख करते हुए कहा कि विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने 11 दिसंबर तक मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिलने की स्थिति में कांग्रेस से नाता तोड़ने तक का संकेत दिया है जो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। बलदेव तोमर ने चुटकी लेते हुए कहा कि कुल्लू के विधायक का यह अल्टीमेटम अब मुख्यमंत्री के सामने है और 11 दिसंबर तक उन्हें मंत्री बनाया जाता है या नहीं इस पर कांग्रेस के भीतर और बाहर सभी की निगाहें रहेंगी क्योंकि सुंदर सिंह ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे आत्मसम्मान और कुल्लू की जनता के मान सम्मान के मुद्दे से जोड़ा है।बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू पहले भी सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत दे चुके हैं लेकिन अब विधायक की ओर से समयसीमा निर्धारित किए जाने से सरकार के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी विकास कार्यों और आर्थिक चुनौतियों जैसे विषयों पर जनता सरकार से परिणाम की अपेक्षा कर रही है लेकिन ऐसे समय में सत्तारूढ़ दल के भीतर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सार्वजनिक असहमति राजनीतिक चर्चा का विषय बन चुकी है। भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेतृत्व के लिए यह बताने का विषय है कि मंत्रिमंडल विस्तार में देरी के पीछे क्या कारण हैं और कुल्लू के विधायक द्वारा उठाए गए प्रतिनिधित्व संबंधी मुद्दे पर पार्टी का क्या रुख है क्योंकि सुंदर सिंह ठाकुर का बयान कांग्रेस के भीतर उभरी बड़ी नाराजगी का सार्वजनिक उदाहरण है।








