पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या सहादतगंज हनुमानगढ़ी से किया शुभारंभ, श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर परखी व्यवस्थाएंसुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, श्रद्धालुओं से किया आत्मीय संवादमर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम चौदह कोसी परिक्रमा में मंडलायुक्त राजेश कुमार भी श्रद्धालुओं के साथ कदमताल करते नजर आए। उन्होंने सहादतगंज स्थित हनुमानगढ़ी से परिक्रमा का शुभारंभ किया और लगभग 6 घंटे 30 मिनट में पूरी परिक्रमा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न की।परिक्रमा के दौरान मंडलायुक्त ने केवल धार्मिक परंपरा में सहभागिता ही नहीं की, बल्कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। विभिन्न स्थलों पर रुककर उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया और उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। परिक्रमा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था के इस विराट आयोजन में शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं निरंतर दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।मंडलायुक्त ने कहा कि अयोध्या की चौदह कोसी परिक्रमा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, अटूट आस्था और सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। इस पावन परिक्रमा में देश-प्रदेश के लाखों श्रद्धालु प्रभु श्रीराम की नगरी की परिक्रमा कर श्रद्धा निवेदित करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व ही नहीं, बल्कि आस्था के प्रति सम्मान भी है।







