पंचकूला (दिव्या राणा): सेक्टर-4 स्थित सतलुज पब्लिक स्कूल के कक्षा पांचवीं (सल्विया) के होनहार छात्र दक्ष यादव ने स्केटिंग के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छह स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर दक्ष ने न केवल अपने स्कूल, बल्कि पंचकूला और हरियाणा का नाम भी रोशन किया है।दक्ष यादव ने हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में 500 मीटर और 100 मीटर स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, सीबीएसई चैंपियनशिप में 500 मीटर और 1000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखा। इसके अलावा आरएसएफआई चैंपियनशिप में वन लैप रोड स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा वन लैप ट्रैक और 1000 मीटर स्पर्धा में दो रजत पदक अपने नाम किए।दक्ष के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उसका चयन राष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।इस उपलब्धि पर सतलुज ग्रुप ऑफ स्कूल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री रीकृत सराय ने दक्ष, उसके माता-पिता और कोचों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सच्चे चैंपियन केवल जीत के क्षणों में नहीं बनते, बल्कि उसके पीछे घंटों की मेहनत, समर्पण और अनुशासन होता है। दक्ष ने अपनी प्रतिभा और विनम्रता से इस भावना को साबित किया है। सतलुज ग्रुप ऑफ स्कूल्स विद्यार्थियों की प्रतिभा को कक्षा से बाहर भी निखारने में विश्वास रखता है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दक्ष को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी बड़ी सफलताएं हासिल करने की कामना की।दक्ष की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उसे बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।








