अयोध्या (जसबीर/सच कीरत सिंह), भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या एक बार फिर श्रावण मास में उमड़ने वाली आस्था की विराट धारा के स्वागत के लिए सज रही है। लाखों श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और संत-महात्माओं के आगमन को देखते हुए मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में श्रावण झूला मेला-2026, कांवड़ यात्रा एवं अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अयोध्या आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु प्रशासन का अतिथि है। उसकी सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना सभी विभागों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।समीक्षा के दौरान बताया गया कि श्रावण मास 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। कांवड़ यात्रा 8 अगस्त से शुरू होगी, जबकि 15 अगस्त को मणिपर्वत झूलनोत्सव के साथ श्रावण झूला मेला आरंभ होगा। इसके अतिरिक्त चारों श्रावण सोमवार (3, 10, 17 एवं 24 अगस्त), नागपंचमी, गोस्वामी तुलसीदास जयंती, पुत्रदा एकादशी, प्रदोष व्रत, शिवरात्रि तथा रक्षाबंधन जैसे प्रमुख धार्मिक अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई।डीआईजी सोमेन वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ मार्गों का रूट चार्ट पहले से तैयार किया जाए, प्रमुख घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे।बैठक में पुलिस विभाग को व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने, नगर निगम को घाटों एवं मेला क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने तथा जर्जर भवनों में श्रद्धालुओं के ठहरने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, ओआरएस, आवश्यक दवाइयों और एंटी-वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कंट्रोल रूम की सतत निगरानी, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग तथा पंचकोसी मार्ग सहित प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अयोध्या विकास प्राधिकरण को प्रवेश द्वारों के साइनेज दुरुस्त करने, प्रमुख मार्गों को आकर्षक बनाने तथा सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच और दुकानों पर रेट सूची प्रदर्शित कराने, पशुपालन विभाग एवं नगर निगम को छुट्टा पशुओं की समुचित व्यवस्था करने, रोडवेज विभाग को अतिरिक्त बसों तथा रेलवे प्रशासन को आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।उद्यान विभाग को पार्कों की स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा पर्यटन विभाग को प्रमुख स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित कर श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को मार्गों की झाड़ियों की कटाई-छंटाई एवं व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।बैठक के अंत में मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि सभी विभाग सेवा, समर्पण और समन्वय की भावना के साथ कार्य करें, ताकि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और दिव्य वातावरण में श्रावण झूला मेला एवं धार्मिक आयोजनों का पुण्य लाभ प्राप्त कर सके।







