पंचकूला : (दिव्या राणा) सेक्टर-4 स्थित सतलुज पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 (ब्लेक हाउस) के छात्र प्रणव अहलावत ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।प्रणव ने सेव वर्ल्ड फाउंडेशन द्वारा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-38, चंडीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-15 बॉयज़ सिंगल्स और अंडर-15 बॉयज़ डबल्स वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 3,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।प्रणव की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। उन्होंने 20वीं अश्विनी कुमार मेमोरियल पंचकूला ओपन जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका चयन हरियाणा स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता भिवानी में आयोजित होगी, जहां वे हरियाणा स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।सतलुज ग्रुप ऑफ स्कूल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर रीकृत सेराय ने प्रणव को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने का साहस ही उत्कृष्टता की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रणव की सफलता सतलुज की उस सोच को दर्शाती है, जहां प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन देकर उत्कृष्टता तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने प्रणव को हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
विद्यालय परिवार ने प्रणव अहलावत की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की







