पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और महत्वपूर्ण शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में डीसीपी अदिति सिंह ने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निपटान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हत्या, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अन्य गंभीर मामलों में बिना किसी देरी के प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएडीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को चोरी, स्नैचिंग, घरों में चोरी और वाहन चोरी के मामलों का अध्ययन कर अपने-अपने क्षेत्र के अनुसार एक एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अपने क्षेत्र में नियमित चेकिंग करें, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच करें और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की दिशा में काम करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आदतन अपराधियों, जेल से छूटे और पैरोल पर आए अपराधियों पर विशेष नजर रखी जाए।बैठक में एनडीपीएस एक्ट, जुआ, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा सड़क दुर्घटना वाले हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां हादसे रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया।डीसीपी अदिति सिंह ने पुलिस विभाग की आधुनिक तकनीकी एप्लीकेशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, जांच की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा पुलिस कार्यों के निष्पादन में समय की बचत भी होगी।पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस की सभी टीमें पूरी सक्रियता से काम कर रही हैं। अपराध पर नियंत्रण रखना, कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।









