चंडीगढ़(तानिया रोहिल्ला): शारीरिक रूप से दिव्यांग छात्रों की मांगों को लेकर चल रहे प्रदर्शन को चंडीगढ़ युवा दल ने अपना समर्थन दिया। युवा दल के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।छात्रों की प्रमुख मांगों में अच्छा और पौष्टिक भोजन, बेहतर शिक्षा, बच्चों की बात सुनने एवं समझने वाले शिक्षक तथा सम्मानजनक व्यवहार शामिल हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा और प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों द्वारा उनके साथ मारपीट भी की गई।चंडीगढ़ युवा दल के प्रधान विनायक बांगिया और संयोजक सुनील यादव ने बच्चों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को विशेष सहानुभूति नहीं, बल्कि समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक व्यवहार की जरूरत है।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बच्चों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए, शिक्षा एवं भोजन की व्यवस्था में सुधार किया जाए और कथित मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।विनायक बांगिया और सुनील यादव ने कहा कि चंडीगढ़ युवा दल बच्चों के अधिकारों और उनकी जायज मांगों के लिए उनके साथ खड़ा है।







