धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में अपनी लंबित देनदारियों के भुगतान की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे बुजुर्ग पेंशनरों के बढ़ते आक्रोश और लगातार जारी आंदोलन के दबाव के आगे झुकते हुए राज्य सरकार ने उन्हें वार्ता के लिए आमंत्रित किया। इससे पूर्व आज दिन में धर्मशाला के दाड़ी मैदान में प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न विभागों और पेंशनर संगठनों से जुड़े सैकड़ों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने एकत्रित होकर एक विशाल शक्ति प्रदर्शन किया और सुक्खू सरकार की अनदेखी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना गहरा रोष प्रकट किया। प्रदर्शनकारी पेंशनर नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबे समय से उनके संशोधित वेतनमान के एरियर, ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट और महंगाई भत्ते जैसी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते पूरे प्रदेश के बुजुर्गों में भारी नाराजगी व्याप्त है। हालांकि सरकार द्वारा वार्ता के लिए बुलाए जाने के बावजूद पेंशनर संगठनों ने अपने तेवर नरम नहीं किए हैं और प्रशासन को दो टूक शब्दों में कड़ी चेतावनी दे डाली है। पेंशनर नेताओं ने साफ कहा कि यदि सरकार के साथ होने वाली वार्ता में उनकी लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र रूप देंगे।








