धर्मशाला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को धर्मशाला स्थित परिधि गृह में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान कांगड़ा घाटी उत्सव 2026 के अंतर्गत होने वाली धर्मशाला मैराथन के दूसरे संस्करण का आधिकारिक गीत लॉन्च किया तथा दौड़ की जर्सी और पदक का अनावरण किया। स्वास्थ्य, खेल संस्कृति, पर्यटन को बढ़ावा देने और चिट्टे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित हो रही इस दौड़ के लिए अब तक 850 से अधिक प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण करवा लिया है, जबकि आयोजकों ने 20 दिसंबर तक देश भर से 2000 से अधिक धावकों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। विभिन्न आयु वर्गों के लिए 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 20 किलोमीटर और 42 किलोमीटर की पांच श्रेणियों में होने वाली इस प्रतियोगिता के मार्गों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के लिए नगर निगम धर्मशाला द्वारा विश्व स्तर का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और इसी दिशा में 2600 करोड़ रुपए व्यय कर कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है, साथ ही सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपैड व हेली टैक्सी सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश को उत्तर भारत के फेफड़े और जल भंडार की संज्ञा देते हुए उन्होंने बताया कि स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए कांगड़ा घाटी उत्सव और शिमला में शीतकालीन उत्सव की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, उपायुक्त हेमराज बैरवा और नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








