पंचकूला (दिव्या राणा ) : पंचकूला पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए महज 12 घंटे के भीतर तीन नाबालिगों को काबू कर चोरी गए अधिकांश सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।
पुलिस चौकी अमरावती में पंचकूला निवासी युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जून 2026 को वह और उनके पति घर पर ताला लगाकर काम पर गए थे। दोपहर में लौटने पर घर की अलमारी खुली मिली और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी मिली। शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अमरावती चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह की अगुवाई में टीम ने स्थानीय स्तर पर गहन पड़ताल करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर तीन नाबालिग ( उम्र 14-16 )को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने ईडब्ल्यूएस डीएलएफ फ्लैटों के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान में सोने की बालियां, सोने का कोका, चांदी की पाजेब, चांदी की चुटकियां, चांदी का ब्रेसलेट, चांदी की चेन, चांदी का सिक्का तथा चांदी का छोटा हाथी शामिल हैं।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता: चूंकि तीनों आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए मामले की जांच जुवेनाइल अधिकारी द्वारा की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह अंबाला भेज दिया गया है।







