पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में छात्र ने की आत्महत्या

चंडीगढ़ (तानिया रोहिल्ला)। चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में बीती रात एक छात्र का शव मिलने से हडक़ंप मच गया। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। पीयू के बॉयज हॉस्टल नंबर-4 में जिस युवक का शव मिला है वह मूल रूप से हरियाणा के पानीपत का रहने वाला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले का रहने वाला चैतन्य सिंह बीए एलएलबी के पांचवें वर्ष में पढ़ रहा था। शनिवार को चैतन्य के परिवार के लोग उसे लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 8 बजे उसके कुछ साथी छात्र उसे देखने के लिए हॉस्टल के कमरे में पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो छात्रों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर चैतन्य पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला। छात्रों और हॉस्टल सुरक्षा कर्मियों ने उसे नीचे उतारा और तुरंत एंबुलेंस की मदद से पीजीआई की इमरजेंसी में पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची। इसके बाद देर रात एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने कमरे से फिंगर प्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और कमरे में मौजूद अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।चैतन्य यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट आशीष बिनोई और हॉस्टल वार्डन डॉ.नवीन कुमार के मुताबिक चैतन्य मिलनसार स्वभाव का था और पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहता था। उसके साथियों और शिक्षकों के अनुसार हाल के दिनों में उसके व्यवहार से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सके कि वह किसी गंभीर परेशानी से गुजर रहा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, मौत के पीछे की वजह पता लगाने के लिए छात्र के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का देखा सीधा प्रसारण

    चंडीगढ़, (तानिया रोहिल्ला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का ऑनलाइन माध्यम से…

    “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के ‘बेस्ट फ्रेंड, फिलॉस्फर और गाइड’: मंत्री अनिल विज”

    अम्बाला, (तानिया रोहिल्ला) – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात कार्यक्रम” देश के कोने-कोने में बसे, अलग-अलग…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *