अंबाला :(निखिल सोबती)जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बराड़ा में विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान अप मंडल अभियंता सुभाष कागड़ा के निर्देशन तथा कनिष्ठ अभियंता दीपक राणा की अगुवाई में संचालित किया गया।अभियान के दौरान विभागीय टीम ने गांव में घर-घर जाकर पेयजल कनेक्शनों की जांच की। जांच में कई अवैध एवं अनियमित पेयजल कनेक्शन पाए गए। विभाग द्वारा पूर्व में संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि के बाद भी नियमों का पालन न करने पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कई अवैध पेयजल कनेक्शनों को काट दिया।
उप मंडल अभियंता सुभाष कागड़ा ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है तथा अंतिम छोर तक पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं हो पाता। ऐसे कनेक्शन विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ जल संरक्षण के प्रयासों को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कनेक्शनों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी उपभोक्ता अपने पेयजल कनेक्शन नियमित करवाएं तथा पेयजल का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए करें। उन्होंने कहा कि पेयजल का उपयोग वाहन धोने, बाग-बगीचों की सिंचाई अथवा अन्य गैर-घरेलू कार्यों में न करें तथा पानी की एक-एक बूंद को बचाने में सहयोग दें।विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक उपभोक्ता तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।इस दौरान खंड समन्वयक नरेश पाल विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।






