फरीदाबाद।* बल्लभगढ़ से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने आज नगर निगम आयुक्त कार्यालय पहुंचकर बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास कार्यों को गति देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में बल्लभगढ़ में बनने वाले नए नगर निगम कार्यालय के निर्माण कार्य शुरू होने से पहले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालय दूसरी जगह स्थानांतरित करने, अटल ऑडिटोरियम को हैंडओवर करने तथा सेक्टर-22 स्थित इंडोर स्टेडियम को हैंडओवर करने के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा तिगांव रोड सहित विधानसभा क्षेत्र की अन्य सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त मशीनरी लगाकर अगले चार दिनों में सभी सेकेंडरी कूड़ा पॉइंट और अन्य जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट) से कूड़ा उठवाया जाए। उन्होंने बाबू नगर में सीवरेज निकासी की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को दो दिन के भीतर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए।विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूरे करने होंगे।इस दौरान नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अगले 72 घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। जहां भी स्ट्रीट लाइट लगाने या मरम्मत की आवश्यकता है, वहां लाइटिंग के कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। उन्होंने अटल ऑडिटोरियम को एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए।बैठक में एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, एडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल, जॉइंट कमिश्नर करण सिंह, कार्यकारी अभियंता अश्वनी, कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा सहित अन्य एसडीओ मनोज, एसडीओ लखमीचंद तेवतिया और जेई अजय,सफाई जोन इंचार्ज अजीत रावत मौजूद रहे।








