भारत के 90 फीसदी से ज्यादा स्वास्थ्य अध्ययनों में बीमारी का खतरा उजागर

नई दिल्ली, 13 नवंबर। भारत में वायु प्रदूषण का खतरा अब केवल आंखों में जलन, खांसी और सांस फूलने तक सीमित नहीं रह गया है। जहरीली हवा लोगों की सेहत पर कितनी गहरी चोट कर रही है, इसका खुलासा एक बड़े वैज्ञानिक अध्ययन में हुआ है। देश में वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर किए गए 184 अध्ययनों में से 169 में प्रदूषण के संपर्क से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढऩे की पुष्टि हुई है। यानी 90 फीसदी से अधिक शोधों में जहरीली हवा और खराब सेहत के बीच संबंध सामने आया है। यह आंकड़ा देश में बढ़ते वायु प्रदूषण के गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों की ओर इशारा करता है।सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) की ओर से किए गए इस सिस्टमैटिक लिटरेचर रिव्यू में 1975 से 2025 के बीच प्रकाशित पीयर-रिव्यूड शोधों का विश्लेषण किया गया। समीक्षा में वैज्ञानिक अध्ययनों के जरिए यह समझने की कोशिश की गई कि भारत में वायु प्रदूषण किस तरह अलग-अलग उम्र और क्षेत्रों के लोगों की सेहत को प्रभावित कर रहा है।सांस की बीमारी से लेकर कैंसर तक मंडरा रहा खतरा:अध्ययन में सबसे ज्यादा चिंता सांस संबंधी बीमारियों को लेकर सामने आई। इस विषय पर कुल 86 अध्ययन किए गए। इसके अलावा मृत्यु दर पर 16 और हृदय संबंधी बीमारियों पर 11 अध्ययन मिले। शोध में यह भी पाया गया कि वायु प्रदूषण का संबंध मधुमेह, गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं, बच्चों के कम वजन, विकास में बाधा, कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य, किडनी और आंखों की बीमारियों सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी है।सरकारी शोधों में भी सामने आई प्रदूषण की मार:इस रिपोर्ट की अहम बात यह है कि प्रदूषण के स्वास्थ्य पर बुरे प्रभावों के प्रमाण केवल स्वतंत्र शोधकर्ताओं तक सीमित नहीं हैं। सरकारी वित्तपोषण से किए गए 46 अध्ययनों में से 44 में स्वास्थ्य जोखिम बढऩे की बात सामने आई। वहीं, सरकारी संस्थानों से संबद्ध 81 अध्ययनों में से 77 में वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य पर उसके प्रतिकूल प्रभावों के बीच संबंध पाया गया। इन संस्थानों में आईसीएमआर,एम्स,सीपीसीबी और सीएसआईआर जैसी प्रमुख संस्थाएं शामिल हैं।दिल्ली में सबसे ज्यादा शोध, ग्रामीण आबादी भी चपेट में:भौगोलिक स्तर पर दिल्ली में सबसे ज्यादा 23 अध्ययन किए गए। पंजाब में 13, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में 11-11 तथा पश्चिम बंगाल में 10 अध्ययन हुए। हरियाणा और राजस्थान में केवल तीन-तीन अध्ययन सामने आए।सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि वायु प्रदूषण का खतरा सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं है। ग्रामीण आबादी पर किए गए 40 अध्ययनों में से 38 में स्वास्थ्य पर कम से कम एक प्रतिकूल प्रभाव पाया गया। इससे साफ है कि गांवों में खाना पकाने, हीटिंग और अन्य गतिविधियों से होने वाला घरेलू प्रदूषण भी गंभीर चिंता का विषय है।
गैसीय प्रदूषक भी बन रहे मुसीबत:शोध में पीएम2.5, पीएम10, ब्लैक कार्बन, कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और सल्फर ऑक्साइड जैसे प्रदूषकों का भी विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, नाइट्रोजन और सल्फर ऑक्साइड वायुमंडल में रासायनिक प्रतिक्रियाओं के जरिए सल्फेट और नाइट्रेट कण बनाते हैं, जो द्वितीयक पीएम2.5 प्रदूषण में योगदान देते हैं।सीआरईए के विश्लेषक मनोज कुमार ने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए केवल शहरों पर केंद्रित रणनीति पर्याप्त नहीं होगी। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अगले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल करते हुए एयरशेड आधारित रणनीति अपनानी होगी। उन्होंने उद्योगों, बिजली संयंत्रों और घरेलू ईंधन से होने वाले उत्सर्जन पर नियंत्रण के साथ पीएम2.5 के लिए स्पष्ट राष्ट्रीय लक्ष्य तय करने की जरूरत भी बताई।रिपोर्ट का संदेश साफ है कि जहरीली हवा से लड़ाई केवल प्रदूषण के आंकड़े घटाने की नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की सेहत बचाने की भी है।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    प्रभु राम के जीवन से हमें प्रेरणा लेकर आगे बढऩा चाहिए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां अम्बा की इस पावन धरती पर आस्था का नया अध्याय लिखा जा रहा है। यहां पर बनने वाला मंदिर साधारण…

    बाबा साहेब को अपना आदर्श मानने वाली पार्टियां तुष्टिकरण की राजनीति करती है – कृष्ण बेदी

    पंचकूला : (राजकुमार) भाजपा 26 नवंबर को प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर संविधान गौरव दिवस’ मनाएगी। भाजपा हरियाणा द्वारा इस आयोजन को लेकर प्रदेश स्तर पर व्यापक तैयारियां की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *