बाल दिवस के उपलक्ष्य में इनर व्हील क्लब अंबाला द्वारा पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल में टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आगे बढ़ने की भावना को प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कोहली जी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। प्रतियोगिता में लगभग 900 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर इनर व्हील क्लब अंबाला की प्रधान रमन गुलाटी एवं क्लब एडिटर नीलकमल खेरा जी ने विद्यालय की कोऑर्डिनेटर सुनीता मलिक के साथ निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 विद्यार्थियों को इनर व्हील क्लब अंबाला की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रधान रमन गुलाटी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।इनर व्हील क्लब अंबाला सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत है। कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रसन्नता के वातावरण में हुआ।








