मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर हरियाणा कांग्रेस हुई सक्रिय, प्रभारी संजय दत्त ने जिला अध्यक्षों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

“मतदाता के अधिकारों की रक्षा करें, लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाएँ” — संजय दत्त

चंडीगढ़।

निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त ने इस अभियान को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ क्रमवार बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय एवं अनुशासित ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों का पूरी निष्ठा, एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ पालन करना प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का दायित्व है। संगठन तभी मजबूत होता है, जब उसके अभियान प्रभावी रूप से बूथ स्तर तक पहुंचकर जन-जन से जुड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा चलाए जाने वाले प्रत्येक अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाना संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को SIR के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रत्येक बूथ पर संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संजय दत्त ने कहा कि वर्तमान में निर्वाचन आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के अंतर्गत मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है।

इस प्रक्रिया में नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं तथा विभिन्न कारणों से कुछ नाम हटाए भी जा रहे हैं। ऐसे समय में प्रत्येक सांसदों, पूर्व सांसदों , विधायकों , पूर्व विधायकों ,जिला अध्यक्ष, BLA-1, BLA-2 तथा संगठन के सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो तथा किसी भी पात्र एवं वैध मतदाता का नाम बिना उचित कारण के मतदाता सूची से न हटाया जाए।

उन्होंने कहा कि यह केवल संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पवित्रता, निष्पक्षता तथा प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करें।

संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस को अपने प्रत्येक कार्यकर्ता की प्रतिबद्धता, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण पर पूर्ण विश्वास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी तथा संगठन महासचिव श्री के.सी. वेणुगोपाल के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के अनुरूप पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की संपूर्ण प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो।

उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निर्देशानुसार जिला स्तर पर आयोजित किए जाने वाले सभी कार्यक्रम पूरी एकजुटता और प्रभावी ढंग से संपन्न किए जाएं। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तथा पार्टी के कनेक्ट सेंटर को अनिवार्य रूप से भेजी जाए, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों का समुचित समन्वय एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों से अलग-अलग मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा उन्हें बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और SIR अभियान को पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    आस्था की शक्ति भक्ति : चढ़ावे की सुरक्षा पारदर्शी – अभेद्य निगरानी

    भारतवर्ष के लगभग सभी प्राचीन – प्रसिद्ध और प्रमुख देवी – देवताओं मंदिरों में दानराशि / चढ़ावे की समुचित अभेद्य निगरानी ने वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय – राष्ट्रीय स्तर के विमर्श…

    हरियाणा पब्लिक हेल्थ कर्मचारी संघ की बैठक का आयोजन

    बरवाला (चंद्रपाल राणा) हरियाणा पब्लिक हेल्थ कर्मचारी संघ की मासिक बैठक मट्टावाला यूनियन कार्यालय पर जिला मंत्री भारतीय मजदूर संघ ओमप्रकाश शास्त्री व पब्लिक हेल्थ जिला प्रधान शंभू गुर्जर की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *