पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह)अयोध्या
महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान और उनकी समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही 27 जुलाई को अयोध्या में जनसुनवाई करेंगी। सर्किट हाउस में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले की महिलाएं अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगी।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा, उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद तथा अन्य महिला हित से जुड़े मामलों पर सुनवाई की जाएगी। आयोग का यह कार्यक्रम महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को सर्किट हाउस में चौपाल एवं महिला जनसुनवाई का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त आयोग सदस्य के निर्देशानुसार अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनसुनवाई सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।







