पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या: शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच शिक्षकों को 3 सितंबर की शाम ‘श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के जिला अध्यक्ष दान बहादुर सिंह ने होटल शाने अवध में आयोजित पत्रकार वार्ता में चयन समिति द्वारा चुने गए शिक्षकों के नामों की घोषणा की।सम्मान के लिए डॉ. मीनाक्षी यादव, कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका प्राथमिक विद्यालय अमोना; सुल्ताना बानो, सहायक अध्यापिका राजकीय हाईस्कूल बहरास, रुदौली; राकेश कुमार वर्मा, सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय चन्दीपुर नगहरा, मिल्कीपुर; बृजेश कुमार, कार्यवाहक प्रधानाध्यापक कलापुर, मवई और डॉ. जन्मेजय तिवारी, असिस्टेंट प्रोफेसर साकेत महाविद्यालय अयोध्या का चयन किया गया है।शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव होंगे। विशिष्ट अतिथियों में समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल, प्रमुख महासचिव डॉ. कमलेश यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद मिश्रा शामिल होंगे।समारोह के संस्थापक तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ सहित जनपद के पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद अवधेश प्रसाद, जिला एवं महानगर अध्यक्ष तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षक सभा के महासचिव डॉ. घनश्याम यादव और चयन समिति के सदस्य विमल सिंह यादव, प्रभाकर सिंह, तहसीलदार सिंह, अमरनाथ सिंह, प्रदीप कुमार तिवारी, रणधीर सिंह, अवनीश प्रताप सिंह और मृत्युंजय सिंह भी मौजूद रहेंगे।ज्ञान और संस्कार से समाज की नई पीढ़ी गढ़ने वाले इन पांच शिक्षकों का सम्मान शिक्षा के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करने का अवसर बनेगा।





