कालका :(राजकुमार) कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने कालका विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सेवा और विकास के दावे कर रही है, लेकिन क्षेत्र की कई सड़कें लंबे समय से अधूरी और बदहाल पड़ी हैं। प्रदीप चौधरी के अनुसार हंगौली-वाजीदपुर, प्यारेवाला-भूड़, कोट-बूंगा, शामपुर-काजमपुर और मानक टबरा-मोरनी रोड का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान में देरी के कारण ठेकेदार काम आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं और इसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने मल्लाह मोड़-कालका मुख्य हाईवे, मौली-प्यारेवाला, कंबाला-टिक्कर ताल और टपरियां-रत्तेवाली सड़कों की खराब हालत का भी मुद्दा उठाया। चौधरी ने कहा कि इन सड़कों पर लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुणगान नहीं, काम से साबित होगी सेवा प्रदीप चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का सही मायने तभी है, जब लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने सवाल किया कि सरकार को दो साल हो चुके हैं, फिर भी कई सड़कें अधूरी क्यों हैं और विकास कार्यों में देरी की वजह क्या है। उन्होंने सरकार से मांग की कि अधूरी सड़कों का काम जल्द पूरा कराया जाए और खराब सड़कों की मरम्मत करवाकर लोगों को राहत दी जाए।









