पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या:त्याग, तपस्या और भ्रातृप्रेम के प्रतीक योगिराज भरत की तपोभूमि नंदीग्राम में आयोजित 28वें भरतकुंड महोत्सव में खाकी के समर्पण, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित किया गया। मंगलवार शाम आयोजित ‘खाकी सम्मान-2026’ समारोह में समाज और पुलिस विभाग के लिए सराहनीय कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में ‘खाकी वाले गुरुजी’ के नाम से प्रसिद्ध उपनिरीक्षक रणजीत यादव की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिन्होंने मंच संचालन के साथ सम्मान समारोह की गरिमा को भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी।मुख्य अतिथि अनुपम पाण्डेय और रामकृष्ण पाण्डेय ने मंडलाधिकारी विशेष शाखा अयोध्या अनिरुद्ध सिंह, गोण्डा में तैनात उपनिरीक्षक धर्मराज शर्मा, बाराबंकी में नियुक्त आरक्षी राम नरेश आरोही तथा अयोध्या में तैनात महिला आरक्षी कविता पटेल, आरक्षी राहुल यादव और आरक्षी चंद्रेश भारद्वाज को सम्मान प्रदान किया।मंच संचालन करते हुए उपनिरीक्षक रणजीत यादव ने महोत्सव समिति के अध्यक्ष अंजनी कुमार पाण्डेय और सचिव अम्बरीष चंद्र पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भरतकुंड महोत्सव में सम्मान प्रभारी का दायित्व मिलना उनके लिए गर्व और गौरव की अनुभूति है। अच्छे कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने से उनके भीतर नई ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा का संचार होता है।भरतजी की त्यागमयी परंपरा और नंदीग्राम की आध्यात्मिक चेतना के बीच आयोजित यह समारोह उन पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता का भाव भी था, जो वर्दी को केवल पहचान नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का संकल्प मानकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।








