अंबाला शहर। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री असीम गोयल ने अंबाला शहर की विभिन्न गौशालाओं में पहुंचकर गोपाष्टमी के कार्यक्रमों में भाग लिया तथा गौमाता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने राधा कृष्ण गौधाम, गांव मोखा माजरा, गौशाला ट्रस्ट, स्पाटू रोड, अंबाला शहर एवं केवल कृष्ण मिगलानी गौशाला में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की।इस अवसर पर हरियाणा सरकार की ओर से हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से तीनों गौशालाओं को कुल 27 लाख 43 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए। इनमें केवल कृष्ण मिगलानी गौशाला को 11 लाख 32 हजार रुपये, राधा कृष्ण गौधाम, गांव मोखा माजरा को 5 लाख 10 हजार रुपये तथा गौशाला ट्रस्ट, स्पाटू रोड को 11 लाख 1 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक भेंट किए गए।पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं गौशालाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से प्रदेश की गौशालाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाकर गौमाता की सेवा और बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। गोपाष्टमी का पर्व हमें गौसेवा, गौसंरक्षण और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। गौमाता की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है।पूर्व मंत्री ने गौशालाओं के संचालकों एवं सेवा में जुटे सभी गौभक्तों की सराहना करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से गौसेवा करने वाले सभी लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए गौमाता के संरक्षण एवं सेवा में अपना योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनदीप राणा जी, विनोद बंसल, मनोहर लाल सचदेवा, नरेश छाबड़ा, डॉ० राजीव अग्रवाल, कुलभूषण गोयल, विनोद बंसल, नरेश अग्रवाल, डॉ० सौरभ गुप्ता, डॉ० सतपाल बहल, मोनिका मल, अमन सूद, रोहित गुप्ता, अभय जैन एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।








