पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान गढ़ीकोटाहा द्वारा गांव बतौड में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा 30 दिवसीय मुफ्त सिलाई प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस अवसर पर गांव के पूर्व सरपंच व समाजसेवी लक्ष्मण बतौड, पंच राम कुमार, सुरेश, राजपाल, महिपाल रंगा, पंच सोनिया आदि उपस्थित रहे। पूर्व सरपंच व समाजसेवी लक्ष्मण बतौड ने पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों, संकाय सदस्य सोनिया और प्रशिक्षक रजनी का दिल से धन्यवाद किया। संस्थान की संकाय सदस्य सोनिया ने बताया कि 30 दिनों के इस प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई, कटाई और ड्रेस डिजाइनिंग के विभिन्न गुर सिखाए गए हैं ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें। पूर्व सरपंच सहित पंचों और समाजसेवियों ने प्रशिक्षण ले चुकी महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और संस्थान को भविष्य में भी गांव व इलाके में ऐसे लोक-कल्याणकारी शिविर लगाने का आग्रह किया।







